84 साल के 'रावण' ने 30 साल बाद देखी रामायण तो इस बात के लिए मांगी माफी


नई दिल्ली। देश में लागू 21 दिनों के लॉकडाउन के बीच दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित हुआ धारावाहिक रामायण दर्शकों के बीच लोकप्रियता के कीर्तिमान छू रहा है। इस धारावाहिक के दोबारा प्रसारण के साथ ही रामायण की यादें, एक बार फिर पहले की तरह ताजा हो गई हैं। रामायण में जहां राम के रूप में अरुण गोविल और सीता के रूप में दीपक चिखलिया को लोगों ने पसंद किया, वहीं रावण के किरदार में अरविंद त्रिवेदी की रौबदार आवाज और अभिनय को भी लोगों के बीच काफी पसंद किया गया था। रामायण के दोबारा प्रसारण होने पर जब रावण यानी अरविंद त्रिवेदी ने अपने अभिनय का एक सीन देखा तो वो भावुक हो गए और उन्होंने क्षमा मांगी।


कौन सा था वो सीन, जिसे देख भावुक हुए 'रावण'


रामायण में रावण की भूमिका निभाने वाले 84 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि अरविंद त्रिवेदी अपने कमरे में बैठे टीवी पर रामायण में सीता-हरण का सीन देख रहे हैं। रावण जैसे ही सीता का हरण करता है तो इस सीन को देखते हुए अरविंद त्रिवेदी भावुक हो जाते हैं और हाथ जोड़कर सबसे क्षमा मांगते हैं।


केवट के रोल के लिए ऑडिशन देने गए थे अरविंद त्रिवेदी


आपको बता दें कि रामायण सीरियल में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रहने वाले हैं। उनके बड़े भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजरात में थियेटर के जाने माने कलाकार रहे हैं। अरविंद को एक्टिंग करने की प्रेरणा अपने भाई से ही मिली। अरविंद त्रिवेदी बताते हैं कि जिस समय रामायण सीरियल के लिए ऑडिशन चल रहा था, तो वो भी केवट के रोल के लिए ऑडिशन देने गए थे। अरविंद की एक्टिंग और शरीर की डीलडौल को देखकर रामानंद सागर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उन्हें रावण के किरदार के लिए चुन लिया।