मुझे खुशी है कि निगम द्वारा अपने दायित्वों से अधिक सेवाएं दी जा रही हैं, हम नागरिकों के लिए समर्पित हैं- महापौर श्रीमती जोनवाल


उज्जैन । कोरोना के विरुद्ध जारी जंग में नगर निगम ने पूरी तरह खुद को समर्पित किया हुआ है। शासन और प्रशासन के कंधे से कंधा मिला कर हम सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। विश्वास है कि हमें निश्चित ही सफ़लता प्राप्त होगी। 


        यह बात उज्जैन की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती मीना विजय जोनवाल ने कही है। आपने कहा कि हमारे नागरिक कोरोना आपदा से अब अंजान नहीं रहे, नागरिक समय और हालात को भली भांति समझ रहे हैं और ज़िला प्रशासन सहित नगर निगम को भी यथोचित सहयोग प्रदान कर रहे हैं।               


       महापौर ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में चौतरफा जो व्यवस्थाएं नगर निगम द्वारा सुनिश्चित की गई हैं, उनके फल स्वरूप शहर में हालात बेहतरी की ओर अग्रसर हैं। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण से निगम की सेवाएं बेहतर तरीके से संचालित और संधारित हो रही हैं। 


   आप देख रहे हैं कि प्रशासन द्वारा जिन क्षेत्रों को कंटेंट क्षेत्र घोषित किया गया है उन क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा विशेष व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। नीलगंगा क्षेत्र, नागौरी मोहल्ला, तोपखाना, कोट मोहल्ला, गोपाल मंदिर, बहादुरगंज, गांधीनगर, दानी गेट, जानसापुरा, मालीपुरा, दूध तलाई इत्यादि समस्त कंटेंट क्षेत्रों में अपेक्षित सुविधाएं प्रदान की गई हैं और निगम अमले को इन व्यवस्थाओं पर नज़र रखने हेतु तैनात किया गया है।  


      विशेष रूप से सैनिटाइजेशन छिड़काव कार्य और सफाई कार्य के साथ ही आम रहवासियों की समस्याओं के समाधान और सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।  


     आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के साथ मैं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर नागरिकों से उनकी कठिनाईयों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की है। इनके निराकरण और समाधान की कार्यवाही भी बिना किसी विलम्ब के की गई है। राशन और सब्ज़ी के लिए भी अधिकारियों से चर्चा व्यवस्था को सुगम किया जा रहा है। 


      निगम व्यवस्थाओं अंतर्गत संचालित राशन के लोडर वाहनों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों सहित कंटेंट क्षेत्रों में भी भिजवाने की व्यवस्था की जा रही है।  


     नगर निगम द्वारा शहर विभिन्न १०० से अधिक स्थानों पर टेंट शामियाने लगाने के साथ ही विभिन्न कंटेंट क्षेत्रों में चारों ओर कनात, केनोपी टेंट, माइक साउंड इत्यादि की व्यवस्था कराई गई है। शहर में प्रचार वाहनों के माध्यम से प्रशासन की सूचनाएं तथा जागरूकता संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाए जा रहे हैं। 


     महापौर श्रीमती मीना विजय जोनवाल ने कहा कि मैदानी स्तर पर निगम द्वारा अपने दायित्वों की सीमाओं से बाहर निकल कर पूरी तरह विभिन्न विभागों से तालमेल करते हुए जन हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। 


*निगम अधिकारियों कर्मचारियों को सामग्री भेंट* 


       महापौर श्रीमती मीना विजय ने कहा कि हमें अपने जिम्मेदार अधिकारियों और समर्पित कर्मचारियों की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल है। हमने निगम की ओर से अपेक्षित संसाधन, सुरक्षा किट इत्यादि प्रदाय करने के साथ ही अपने तौर पर व्यक्तिगत स्तर पर भी अधिकारियों कर्मचारियों को और आम नागरिकों को सुरक्षा उपकरण सैनिटाइजेशन और अन्य सामग्री समय-समय पर भेंट की है और यह कार्य निरंतर जारी है। 


*मुस्लिम समाज को बधाई एवं धन्यवाद* 


      महापौर श्रीमती मीना विजय जोनवाल ने कहा कि सभी समाजों की एक जुटता और सहयोग प्रशंसनीय है। मंदिर मस्जिद गुरुद्वारे इत्यादि से दूर नागरिक घरों में पूजा पाठ और इबादत कर रहे हैं। बोहरा समाज सहित सम्पूर्ण मुस्लिम समाज द्वारा रमज़ान माह में घरों में इबादत की और ईद भी घर ही में मनाने का निर्णय ले कर कोरोना के विरूद्ध जंग में जो सहयोग प्रदान किया है उसके लिए धन्यवाद सहित ईद के अवसर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।