ऑडियो-वीडियो पर जारी सियासी घमासान के बीच शिवराज ने कहा


इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इंदौर यात्रा के दौरान के भाषण का ऑडियो और वीडियो वायरल होने के मामले में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह ने केंद्रीय नेतृृत्व के निर्देश पर सरकार गिराने की बात कही है। कांग्रेस इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की शरण लेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा ने साजिश रच कांग्रेस की बहुमत की सरकार गिराई है। ऐसे में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसे लेकर ट्वीट किया है। ऑडियो क्लिप पर जारी घमासान के बीच शिवराज ने ट्वीट कर कहा है कि पापियों का विनाश तो पुण्य का काम है।


सीएम ने बिना नाम लिए ट्वीट किया है। शिवराज ने लिखा कि पापियों का विनाश तो पुण्य का काम है। हमारा धर्म तो यही कहता है। क्यों? बोलो, सियापति रामचंद्र की जय।


गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान सोमवार को इंदौर आए थे। रेसीडेंसी कोठी में सांवेर के कार्यकर्ताओं को उन्होंने संबोधित किया था। इसी संबोधन का ऑडियो-वीडियो कांग्रेस ने वायरल किया है। प्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस सरकार को सोची-समझी साजिश के तहत गिराया गया है। यह राजफाश खुद मुख्यमंत्री ने सांवेर के कार्यकताओं की बैठक में किया है। पटवारी ने कहा कि जब देश को कोरोना से लड़ने की जरूरत थी, तब भाजपा के लोग मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने की साजिश में लगे थे। मुख्यमंत्री के बयान के ऑडियो-वीडियो को लेकर हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।